शहर में पांच जुलाई को हुए बवाल पर अब सियासी रंग चढ़ने लगा है। इस मामले में पुलिस की ओर से तैयार की गई तहरीर में सांसद डिंपल के खिलाफ चुनाव लड़ने वाले भाजपा नेता सुब्रत पाठक का भी नाम शामिल है। सदर कोतवाल ने जन चर्चा का हवाला देते हुए उनका नाम शामिल किया है। इसकी जानकारी मिलते ही भाजपाइयों में उबाल आ गया है। भाजपा नेता ने प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी और राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह को भी मामले की जानकारी दी है।
मालूम हो कि रविवार पांच जुलाई को शहर में दो पक्षों के बीच बवाल हो गया था। इस दौरान पुलिस पर भी हमला किया गया था। इसे लेकर सदर कोतवाली प्रभारी भुल्लन यादव की तहरीर पर कोतवाली में एफआईआर हुई हैै। दर्ज कराए गए मुकदमे में कोतवाल ने लिखाया गया है कि बवाल के दौरान चर्चा में आया कि सुब्रत पाठक गुप्त रूप से दंगाइयों को भड़काते रहे।
यह भी आम शोहरत पाई गई कि सुब्रत पाठक ने कचहरी टोला मोहल्ले की सीमा पर कुछ फायर भी किए हैं। तहरीर में भाजपा नेता का नाम शामिल होने की जानकारी मिलने पर भाजपाइयों में आक्रोश है। भाजपा नेता सुब्रत पाठक ने बताया किबीते दिनों संदोहनपुरवा में महिला को पीटकर हाथ तोड़ने समेत विभिन्न मामलों में पुलिस की ज्यादती के खिलाफ कलेक्ट्रेट में भाजपाइयों ने प्रदर्शन किया था। राज्यपाल को ज्ञापन भेजकर शहर कोतवाल के खिलाफ जांच कराकर कार्रवाई की मांग की गई थी।
लेकिन न तो जांच हुई और न ही कोतवाल के खिलाफ कोई एक्शन लिया गया। इसी का बदला देने के लिए उनका नाम तहरीर में शामिल किया गया है। उन्होंने बताया कि बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी व राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह तक मामले की जानकारी पहुंचा दी गई है।