तिर्वा। खेत मालकिन के स्थान पर वृद्धा महिला को खडा करके करोड़ों रुपये की कीमती जमीन का फर्जी बैनामा कराया गया था। पैतृक जमीन की बिक्री की जानकारी होने पर पीड़ित महिला ने छह नामजद समेत एक अज्ञात महिला के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने फर्जी महिला को पकड़कर न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।
पिछले साल एक अक्तूबर को जनपद फर्रुखाबाद के फतेहगढ़ सेंट्रल जेल रोड निवासी विद्यावती ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया था कि तिर्वा-कन्नौज मार्ग बहादुर पुर गांव व कस्बे की सीमा में करीब छह बीघा पैतृक जमीन पड़ी है।
उसकी जमीन का सदर कोतवाली क्षेत्र के सैदहा गौधानी गांव निवासी अमर नाथ सिंह, उपदेश सिंह, अकबरपुर-सरायघाघ गांव निवासी सत्यप्रकाश, जनपद मैनपुरी के परोख गांव निवासी सत्यराज, समेत अज्ञात पता उपनिबंधक महेंद्र कठेरिया, विनय कुमार व एक अज्ञात महिला ने मिलकर षडयंत्र रचकर फर्जी बैनामा करा लिया।
पीड़ित महिला ने आरोप लगाया था कि भूमाफिया ने उससे मिलती-जुलती महिला की फोटो लगाकर जमीन का बैनामा करा लिया था। पुलिस ने महिला को पकड़ लिया है। महिला तालग्राम थाना क्षेत्र के वघुलिहाई गांव निवासी शशि उर्फ बिजरानी राजपूत थी।
कोतवाल विजय सिंह ने बताया कि मामले की जांच के दौरान फर्जीवाड़ा करने वाली महिला को पकड़ लिया गया। गुरुवार को न्यायालय में पेशकर जेल भेज दिया गया है। कहा कि मामले में मुकदमे में पंजीकृत आरोपियों के अलावा अन्य कई शातिर लोग शामिल हैं। जिनकी पहचान हो गई है। कहा कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।