सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट के बाद मकनपुर में शुक्रवार को हुए विवाद के 24 घंटे बाद पूरे इलाके में पुलिस और पीएसी लगातार गश्त करती रही। बवाल में पुलिस ने पांच नामजद और 55 अज्ञात लोगों के विरुद्घ रिपोर्ट दर्र्ज की है। वहीं आपत्तिजनक पोस्ट वायरल करने वाले युवक को जेल भेज दिया गया।
वहीं उन्मादी भीड़ का शिकार हुए हलपुरा के युवक लवकुश की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। ज्ञात हो कि मकनपुर-इलियासपुर गांव निवासी आलोक गुप्ता ने गुरुवार देर रात सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट वायरल कर दी थी, जिसके बाद भड़के एक पक्ष के उपद्रवियों की भीड़ ने पुलिस चौकी में पहुंचकर पहले नारेबाजी कर पुलिस अफसरों को तहरीर दी।
फिर वापसी के दौरान आरोपी आलोक गुप्ता के घर में पांच दर्जन से अधिक लोगों ने धावा बोल दिया था। मौके पर मौजूद कोतवाली के एक दरोगा व चौकी के सिपाहियों ने समझाने का प्रयास भी किया पर भीड़ ने आरोपी के घर पर हमला कर पथराव व तोड़फोड़ कर दी। जिससे ईंट-गुम्मे चलने से नीलम, सुरेश, छोटे के हाथ और पैरों पर चोटें आईं।
भीड़ द्वारा आपत्तिजनक पोस्ट करने वाले की गिरफ्तारी की मांग को देखते हुए आनन-फानन में कई पुलिस थानों की फोर्स मौके पर पहुंची और मारपीट में घायल आरोपी आलोक को हिरासत में ले लिया। उप निरीक्षक चंद्रप्रकाश तिवारी ने बताया कि मकनपुर निवासी मोहम्मद फैजी की ओर से आपत्तिजनक पोस्ट करने वाले आलोक गुप्ता के विरुद्घ रिपोर्ट कर जेल भेजा गया है।
कोतवाली पुलिस ने आरोपी आलोक गुप्ता के घर ईंट-गुम्मा चलाने वाले मकनपुर निवासी पासा जाफरी, अख्तर, राजा जाफरी, फजरुल हुसैन, छोटे चांद को नामजद कर 55 अज्ञात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। उधर इंस्पेक्टर संतोष अवस्थी ने बताया कि शुक्रवार को हुई घटना के बाद मकनपुर को सात जोन में बांटकर फोर्स को तैनात किया गया है। हर आने जाने वाले पर नजर रखी जा रही है। इसके साथ ही पुलिस और पीएसी के जवान आम लोगों को सुरक्षा का अहसास दिलाने को पैदल मार्च भी कर रहे हैं।