कन्नौज। पुलिस ने विभिन्न थानाक्षेत्रों में पकड़े गए मादक पदार्थों को ऑपरेशन दहन के तहत नष्ट कराया। नष्ट कराए गए मादक पदार्थों की कीमत 5.36 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है।
उच्च स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी एवं जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी द्वारा कोतवाली सदर, गुरसहायगंज, तिर्वा, छिबरामऊ व थाना तालग्राम, सौरिख, विशुनगढ, ठठिया, इंदररगढ में पंजीकृत अवैध मादक पदार्थों से सम्बन्धित 248 अभियोगों से संबंधित करीब 486.804 किलो मादक पदार्थ नष्ट कराए गए। बताया गया कि नष्ट कराए गए मादक पदार्थों में 942 ग्राम स्मैक, हेरोइन, 427.764 किलो गांजा, 6.492 किलो चरस, 35 किलो नशीला पाउडर व 16.550 किलो अफीम बोड़ी शामिल है।
मादक पदार्थों को कानपुर देहात के अकबरपुर की भारत ऑयल एंड वेस्ट मैनेजमेंट टीम द्वारा पर्यावरयीण, विधिक मानकों का पालन करते हुए नारकोटिक्स सेल प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र सिंह, आरक्षी राजकुमार व थानों के हेड मोहर्रिर व अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में नष्ट किया गया।