छिबरामऊ। कपड़ा व्यापारी के हत्यारों तक पुलिस नहीं पहुंच पाई है। अभी तक केवल दो नामजद आरोपी जेल भेजे गए हैं। पीड़ित परिवार ने मुख्यमंत्री व पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है। बता दें कि 27 अप्रैल को दो पक्षों में संघर्ष के दौरान हत्या हुई थी।
मोहल्ला चौधरियान निवासी शहजाद अहमद ने पुलिस अधीक्षक प्रशांत वर्मा को दिए शिकायती पत्र में बताया कि सात नामजद अभियुक्तों में मात्र दो की गिरफ्तारी हुई है। शेष अभियुक्त इधर-उधर से परिवार को धमकी दे रहे हैं।
घटना में शामिल कुछ लोगों को पुलिस ने पकड़ने के बाद भी छोड़ दिया। परिजनों को जान का खतरा बना हुआ है। उन्होंने अपराधियों की गिरफ्तारी व जानमाल की रक्षा की मांग की है। पुलिस अधीक्षक ने पीड़ित परिवार को आश्वासन देते हुए कहा है कि जल्द ही सभी नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।