कन्नौज। पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से आयोजित कराने के लिए जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने बैठक कर तैयारियों का जायजा लिया।
कलक्ट्रेट गांधी सभागार में डीएम आशुतोष मोहन अग्निहोत्री व एसपी विनोद कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट तथा परीक्षा केंद्र व्यवस्थापकों के साथ बैठक की गई। बताया गया कि परीक्षा के लिए 12 केंद्र बनाए गए हैं, जहां पर आठ, नौ व 10 जून को दो-दो पालियों में परीक्षा आयोजित की जाएगी। प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 10 से 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली की परीक्षा तीन से शाम पांच बजे तक होगी। प्रत्येक पाली में 3,696 अभ्यर्थी सम्मिलित होंगे तथा तीन दिन में 22,176 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
डीएम ने कहा कि सभी परीक्षा केंद्राें पर सीसीटीवी क्रियाशील रहें तथा नेटवर्क एवं विद्युत व्यवस्था निर्बाध रूप से संचालित रहे। विद्युत आपूर्ति बाधित होने पर जनरेटर तैयार रखा जाए, जिससे निगरानी व्यवस्था प्रभावित न हो। बैठक में एडीएम देवेंद्र सिंह, एएसपी अजय कुमार, उपजिलाधिकारी तिर्वा वैशाली, उपजिलाधिकारी सदर नवनीता राय, डीआईओएस पप्पू सरोज, बीएसए संदीप सिंह सहित सेक्टर मजिस्ट्रेट आदि मौजूद रहे।