कन्नौज। जिले के प्रभारी एवं सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम और निर्यात प्रोत्साहन मंत्री राकेश सचान ने बड़ा एलान किया है। उन्होंने कहा कि सरकार कन्नौज को विशेष जिला का दर्जा देने की तैयारी कर रही है। इस फैसले का मुख्य उद्देश्य यहां के ऐतिहासिक इत्र उद्योग को वैश्विक स्तर पर एक नई पहचान दिलाना और स्थानीय कारोबार को तेजी से बढ़ावा देना है।
प्रभारी मंत्री ने संवाद न्यूज एजेंसी को मोबाइल पर हुई वार्ता में बताया कि इस विशेष दर्जे के मिलने से कन्नौज के इत्र कारोबारियों को सरकार की ओर से विशेष वित्तीय सहायता, आधुनिक तकनीक और विश्व स्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर की सुविधाएं मिलेंगी। सरकार की योजना यहां एक आधुनिक परफ्यूम पार्क और रिसर्च सेंटर को और मजबूत करने की है। ताकि इत्र की गुणवत्ता को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप ढाला जा सके। इस कदम से न केवल सदियों पुराने पारंपरिक इत्र उद्योग को नया जीवन मिलेगा, बल्कि क्षेत्र में हजारों नए रोजगार के अवसरों का सृजन भी होगा। उनका मानना है कि विशेष जिले का दर्जा मिलने से सीधे निर्यात की राह आसान होगी, जिससे कन्नौज का टर्नओवर कई गुना बढ़ जाएगा। इससे पर्यटन उद्योग भी विकसित होगा।
अफसरों के साथ की वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग
प्रभारी मंत्री राकेश सचान आज जिले में आएंगे। इससे पहले बुधवार को उन्होंने जिले के तीनों विधायकों व आला अफसरों के साथ वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग की। कहा कि यह अभियान पांच जून को एक पेड़ मां के नाम थीम के तहत पौधारोपण कार्यक्रम से शुरू होगा। इसके तहत लाख बहोसी पक्षी विहार में पौधारोपण किया जाएगा। साथ ही ग्राम पंचायतों, अमृत सरोवरों, विकास खंडों में पौधारोपण कराने की बात कही। आठ से 14 जून के मध्य जनप्रतिनिधियों एवं नामित प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा समाज के विभिन्न वर्गों से संवाद स्थापित किया जाएगा। उन्होंने 17 से 20 जून तक जनपद स्तर पर तीन दिवसीय विशेष प्रदर्शनी आयोजित करने के निर्देश दिए। वर्चुअल बैठक में समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण, ऊर्जा राज्य मंत्री कैलाश राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रिया शाक्य, विधायक छिबरामऊ अर्चना पांडेय, भाजपा जिलाध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया, डीएम, एसपी, सीडीओ मौजूद रहे।