दुर्घटना के बाद पुलिस चौकी के पास हाईवे किनारे खड़े
ट्राला ट्रक से 45 लाख रुपये कीमत के 210 टायर चोरी चले गए थे। इस मामले
में कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। रविवार को मध्यप्रदेश की पुलिस
ट्रक चालक और क्लीनर को लेकर कोतवाली पहुंची और स्थानीय पुलिस की मदद से
मामले के खुलासे में जुट गई है।
उधर, ट्रक चालक कुछ और ही कहानी बता रहा
है। ज्ञात हो कि 19 दिसंबर की सुबह जीटी रोड पर ग्राम लड़ैता के सामने
ट्रक और पिकप की भिड़ंत हो गई थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मंडी समिति चौकी
के बाहर हाईवे किनारे ट्रक को खड़ा करा दिया था और मौके पर मौजूद चालक को
हिरासत में ले लिया था।
23 दिसंबर को ग्वालियर की एक कंपनी से पहुंचे उसके
कर्मचारी जयसिंह ने कोतवाली पुलिस को बताया कि ट्रक मेें कंपनी के 210 टायर
लदे हैं। जब वह पुलिस के साथ ट्रक के पास पहुंचा और उसका गेट खोलकर देखा
तो उसके होश उड़ गए। ट्रक खाली खड़ा था। उसमें लदे लगभग 45 लाख रुपये कीमत
के टायर गायब थे।
उधर, मामले में रविवार को मध्यप्रदेश के बहोड़ापुर थाने
के दरोगा जेएस मुजोरिया टीम के साथ ट्रक चालक भिंड उदयभान और क्लीनर गोपाल
के साथ कोतवाली पहुंचे। उन्होंने कोतवाल आरपी पांडेय से इस बाबत लंबी
वार्ता की। पुलिस की मौजूदगी में ट्रक चालक उदयभान ने बताया कि ग्वालियर से
ट्रक लेकर वह पंतनगर जा रहा था।
ग्राम उदी मोड़ के पास उसने एक ढाबे पर
खाना खाया। वहीं मौजूद एक महिला के साथ शराब पी। इसके बाद उसे कुछ होश नहीं
रहा। महिला के साथी ने ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया और वह कहां ले गया,
उसे कुछ होश नहीं था। दुर्घटना के बाद मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस जब
उसे अपने साथ लेकर आई तब भी उसको होश नहीं था।
उसका कहना था कि निश्चित तौर
पर उस महिला और उसके साथियों ने ही टायर लूट की घटना को अंजाम दिया है।
उन्हें वह जानता नहीं है। उधर, पुलिस पूरी घटना में चालक और क्लीनर पर ही
संलिप्तता की आशंका जता रहे हैं। इस बाबत मध्यप्रदेश पुलिस के दरोगा
जेएस मुजोरिया का कहना है कि वह मामले की छानबीन में जुटे हैं। बहुत शीघ्र
ही मामले की तह तक पहुंचकर माल बरामद कर घटना का खुलासा करने का प्रयास
करेंगे।