कलक्ट्रेट सभागार में शनिवार को जिलाधिकारी ने विकास
कार्यों की समीक्षा करते हुए तालाबों का जीर्णोद्धार चुने गए ग्राम
प्रधानों के माध्यम से कराने के निर्देश दिए। डीएम ने खाद्य प्रसंस्करण
विभाग के कामों पर नाराजगी भी जताई।
समीक्षा बैठक को संबोधित करते हुए
डीएम अनुज कुमार झा ने मौजूद जिले भर के बीडीओ व डीसी मनरेगा को निर्देश
देते हुए कहा कि अवशेष लोहिया गांवों में तालाबों के जीर्णोद्धार कराने का
काम नए चुने गए प्रधानों के माध्यम से पूरा कराया जाए। इसके लिए उन्होंने
एक माह का समय दिया।
बीडीओ से कहा कि पेंशन योजना के लाभार्थियों का चयन व
स्वच्छता कार्यक्रम के अंतर्गत शौचालयों के निर्माण का काम ग्राम पंचायतों
में मनरेगा से कराएं। डीएम ने किसानों के औद्योगिक एवं मसालों की खेती हेतु
प्रेरित करने के लिए कहा। जिला उद्यान अधिकारी को निर्देश देते हुए
किसानों को उन्नति बीज मुहैया कराने को कहा।
बैठक में खाद्य प्रसंस्करण
विभाग के कामों की समीक्षा के दौरान काम ठीक न मिलने पर नाराजगी जताई। लोहिया
गांव की समीक्षा में अधिशासी अभियंता विद्युत को निर्देश देते हुए कहा कि
जिन ग्राम सभाओं में विद्युतीकरण का काम अधूरा रह गया है, उन्हें तत्काल
पूरा कराएं।
जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देश दिया कि यदि किसी राशन कोटेदार
द्वारा गड़बड़ी की जाती है अथवा बीपीएल कार्ड धारकों से निर्धारित मूल्य
से अधिक पैसे लिए जा रहे हैं, तो तत्काल उसका कोटा निरस्त कर दें। सीएमओ को
निर्देश दिए कि एएनएम व प्रधानों के अनटाइड फंड का उपयोग कराएं।
आम आदमी
बीमा योजना के तहत जिले भर में पांच हजार लाभार्थियों का चयन करने के भी
निर्देश दिए। बैठक में सीडीओ उदयराज यादव, परियोजना निदेशक एके सिंह
कुशवाहा, समस्त खंड विकास अधिकारी के अलावा जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।