जिले में बाइक पर सवार होकर दिनदहाड़े लूटपाट करने
वाले तीन बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है, जबकि
तीन बदमाश अभी भी फरार चल रहे हैं। एसपी ने पुलिस कार्यालय में मामले का
खुलासा किया।
गिरफ्तार करने वाली टीम को 10 हजार रुपये पुरस्कार देने की
घोषणा की है। सोमवार को खुलासा करते हुए एसपी दिनेश कुमार पी ने बताया कि
छिबरामऊ कोतवाल सीएल वर्मा, दरोगा नवीन कुमार, अनोखेपुरी पुलिस टीम के साथ
कैरदा रोड मुंसिफी रोड के पास चेकिंग कर रहे थे।
इसी दौरान स्वाट टीम
प्रभारी दिनेश यादव व सर्विलांस टीम प्रभारी तारिक खां भी चेकिंग स्थल पर
पहुंच गए। इसी दौरान एक बाइक आती दिखाई दी। पास आने पर उसे रोकने का प्रयास
किया गया तो बाइक सवारों ने फायरिंग शुरू कर दी। भागने के प्रयास में बाइक
फिसलने से तीनों बदमाश गिर पड़े।
इस पर पुलिस टीम ने चारों तरफ घेराबंदी
करके उन्हें दबोच लिया। पकड़े गए बदमाशों ने अपने नाम राजबहादुर निवासी
नगला कैल जनपद मैनपुरी, चंदन व नेत्रपाल निवासीगण शादीपुरवा थाना चौबिया
जिला इटावा बताया। इनके कब्जे से लाल रंग की एक अपाचे बाइक भी बरामद की
गई है।
एसपी के अनुसार तलाशी के दौरान राज बहादुर व चंदन के पास से एक-एक
315 बोर का तमंचा मिला है। इसके अलावा जेब से 14 हजार 500 रुपये बरामद किए
गए। पूछताछ के दौरान बदमाशों ने बताया कि उसके तीन अन्य साथी देशराज पुत्र
श्याम सुंदर, तिलक सिंह पुत्र सुघर सिंह निवासीगण शादीपुरवा थाना चौबिया
जिला इटावा के अलावा भूरा पुत्र रामनिवासी निवासी रजपुरवा थाना नया गांव
जिला एटा भी लूटपाट की घटनाओं को अंजाम देते हैं।
एसपी ने बताया कि यह आधा
दर्जन बदमाश दो बाइक पर सवार होकर घटनाओं को अंजाम देते हैं। बैंकों व
भीड़भाड़ वाले इलाकों में घूमते हैं और मौका मिलते ही पुरुष व महिलाओं के
झोला व पर्स आदि छीनकर भाग जाते हैं। बताया कि इन बदमाशों ने 10 दिन के
अंदर सौरिख क्षेत्र में लूटपाट की चार घटनाओं को अंजाम दिया है।
17 फरवरी
को बैंक से पैसे ले जाते समय 38 हजार रुपये लूटकर आपस में बांट लिए थे।
फरार चल रहे देशराज के पास भी लूटी गई अन्य रकम रखी है, जिसका बंटवारा नहीं
हुआ है। इन आरोपियों ने बेवर, मैनपुरी, छिबरामऊ, सौरिख, तिर्वा सहित आसपास
जनपदों में लूटपाट की घटनाओं को अंजाम दिया है।