कन्नौज। गंगा की स्वच्छता सरकार ही नहीं बल्कि समाज के हर मनुष्य की जिम्मेदारी है। जनसहभागिता और जागरूकता से ही इस पवित्र धारा को बचाया जा सकता है। यह विचार रविवार को गंगा स्वच्छता अभियान चला रहे युवाओं ने व्यक्त किए।
नगर के युवाओं की एक टोली सुबह महादेवी घाट पहुंची। युवाओं ने गंगा किनारे पड़ी गंदगी को साफ किया। कहा कि गंगा सिर्फ एक नदी नहीं, बल्कि सनातन धर्म की आस्था, संस्कृति और सभ्यता की जीवनधारा भी है। हम सभी को मिलकर मां गंगा की निर्मलता और पवित्रता को बनाए रखने का काम करना चाहिए। यह हमारा दायित्व है कि आने वाली पीढ़ियों तक गंगा का निर्मल स्वरूप बना रहे। श्रमदान कर रहे युवाओं ने गंगा को प्लास्टिक व प्रदूषण मुक्त बनाने का संकल्प लिया। वहीं अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर पुष्पेंद्र, लकी आदि मौजूद रहे।
श्राद्ध पक्ष में गंगा को साफ करने वाले युवाओं को सराहा
महादेवी घाट गंगा तट पर श्राद्ध पक्ष में सैकड़ों लोग प्रतिदिन जलदान के लिए मां गंगा की शरण में आ रहे हैं। गंगा किनारे प्लास्टिक व अन्य गंदगी से दिक्कतें होती हैं। रविवार को गंगा सफाई कर रहे युवाओं की टोली की श्रद्धालुओं ने जमकर सराहना की और कहा कि इन युवाओं से अन्य लोगों को भी सीख लेनी चाहिए। किसी भी दशा में गंगा को मैला न होने दें।