कन्नौज। गांवों में भू-जल स्तर को सुरक्षित और तालाबों को संरक्षित करने की दिशा में जिला प्रशासन ने बड़ी पहल शुरू की है। जिले के 100 गांवों में प्लास्टिक मुक्त मॉडल तालाब विकसित किए जाएंगे। इसके लिए जिला पंचायत राज अधिकारी ने सभी एडीओ पंचायत को पत्र भेजकर ग्राम पंचायतों से प्रस्ताव मांगे हैं।
जिला पंचायत राज अधिकारी जितेंद्र कुमार गोंड ने कहा कि प्रथम चरण में पांच हजार से अधिक आबादी वाली ग्राम पंचायतों का चयन किया जाएगा। इन पंचायतों में मौजूद तालाबों को प्लास्टिक और कचरा मुक्त बनाया जाएगा। तालाबों के चारों ओर सफाई, सौंदर्यीकरण और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही ग्रे-वाटर प्रबंधन के तहत घरों से निकलने वाले नाली के पानी को फिल्टर कर तालाबों में डालने की व्यवस्था की जाएगी, ताकि पानी बर्बाद न हो और भू-जल रिचार्ज हो सके।