तिर्वा (कन्नौज)। तेज रफ्तार अनियंत्रित पिकअप ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार किसान की मौत हो गई। हादसे में बाइक चला रहा बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे मेडिकल कालेज से कानपुर के लिए रेफर किया गया है। वहीं हादसे से परिवार में कोहराम मच गया। बाइक चालक हेलमेट नहीं लगाए था।
थाना सौरिख क्षेत्र के नंदपुर खिरिया गांव निवासी रामआसरे (50) पुत्र गजोधर कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे। गुरुवार को वह 25 वर्षीय बेटे सोनू के साथ बाइक से ठठिया क्षेत्र के कन्हईपुरवा में एक चिकित्सक से दवा लेने जा रहे थे। मनीपुर्वा गांव के पास सामने से रफ्तार में आ रही पिकअप अनियंत्रित हो गई। उसने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में पिता और पुत्र हो गए।
राहगीरों ने डायल 112 को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस दोनों को मेडिकल कालेज ले गई। यहां चिकित्सकों ने रामआसरे को मृत घोषित कर दिया। सोनू की हालत नाजुक देखकर कानपुर रेफर कर दिया। हादसे को अंजाम देकर चालक पिकअप लेकर भाग निकला। पुलिस ने उसकी तलाश में छानबीन शुरू की है। वहीं हादसे से परिवार में कोहराम मच गया।