प्रेमपुर। बेवर से छिबरामऊ आ रहे एक ऑटो में मंगलवार को सामने से गलत दिशा से आ रही पिकअप ने टक्कर मार दी। आम नगला और करमुल्लापुर के बीच हुए इस हादसे में ऑटो सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद ऑटो चालक मौके से फरार हो गया। लोगों एंबुलेंस बुलाकर घायलों को सौ शैया अस्पताल भिजवाया। वहां से प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज तिर्वा रेफर कर दिया।
एक ऑटो सवारियों को लेकर बेवर से छिबरामऊ की तरफ आ रहा था। जैसे ही ऑटो आम नगला और करमुल्लापुर के बीच पहुंचा। तभी सामने से गलत दिशा में आ रही एक पिकअप ने ऑटो में सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और उसमें बैठी सवारियां खून से लथपथ होकर चीखने-पुकारने लगीं। हादसे में कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नगला मुइया निवासी उदयवीर (50), जयपाल सिंह (48), कोतवाली गुरसहायगंज अंतर्गत ग्राम रजलामऊ निवासी कांति देवी (60), प्रेमपुर निवासी बदन पाल (55) घायल हो गए।
चीखपुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। ग्रामीणों ने एंबुलेंस बुलाकर सभी घायलों को सौ शैया अस्पताल भिजवाया। अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने चारों घायलों की हालत नाजुक होने पर राजकीय मेडिकल कॉलेज तिर्वा रेफर कर दिया। कोतवाल कपिल दुबे ने बताया कि हादसे की तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।