पोस्टमार्टम हाउस में बैठे सारिका के मायके के लोग।
- फोटो : KANNAUJ
मानीमऊ(कन्नौज)। महिला का शव फंदे से लटका मिलने पर सनसनी फैल गई। पति समेत ससुरालीजन भाग गए। मायके पक्ष के लोगों ने ससुरालियों पर दहेज हत्या का आरोप लगाकर हंगामा किया। पिता ने बेटी के पति, सास और ससुर के खिलाफ हत्या की तहरीर दी है। पुलिस छानबीन कर रही है।
प्रयागराज के थाना लालापुर, तहसील बारा क्षेत्र के बेलामुड़ी पचवर निवासी भानु प्रताप ने 2012 में 26 वर्षीय बेटी सारिका की शादी सदर कोतवाली के कपूरापुर मानीमऊ निवासी सत्यम पुत्र सुदामा के साथ की थी। शुक्रवार रात करीब 10 बजे सत्यम ने फांसी के फंदे पर पत्नी सारिका का शव झूलता देखा। इसके बाद वह परिवार के लोगों के साथ भाग निकला। पड़ोसियों से जानकारी मिलने पर शनिवार सुबह परिवार के लोगों के साथ भानु प्रताप मौके पर पहुंचे। दहेज के लालच में सत्यम और उसके परिवार के लोगों पर हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाकर हंगामा किया। मामले की जानकारी पर कोतवाल नागेंद्र कुमार पाठक मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने मायके पक्ष के लोगों को शांत कराया। इसके बाद भानु प्रताप ने सत्यम, उसके पिता सुदामा और मां सरोजा कटियार के खिलाफ दहेज में 50 हजार रुपये न मिलने पर बेटी की हत्या करने की तहरीर दी। सीओ सिटी श्रीकांत प्रजापति ने बताया कि मामले की छानबीन चल रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
पीड़ित भानु प्रताप ने बताया कि सत्यम ने बेटी के जेवर बेच दिए थे। वह अक्सर शराब के नशे में परिवार के साथ मारपीट कर उत्पीड़न करता था।