सौरिख(कन्नौज)। थानाक्षेत्र के ग्राम कायमपुर में फल विक्रेता का शव घर में फांसी के फंदे पर झूलता मिला। मृतक की पत्नी गांव में हो रही श्रीमद्भागवत कथा सुनने गई थी। फल विक्रेता की मौत से घर में कोहराम मच गया।
कायमपुर निवासी गिरजेश राठौर पुत्र रामविलास राठौर फलों का ठेला लगाकर अपने परिवार का भरण पोषण करते थे। मंगलवार को गिरजेश ठेले पर भाई को बिठाकर घर चले आए। उस समय पत्नी घर पर मौजूद नहीं थीं। बच्चों के साथ वह गांव में चल रही श्रीमद्भागवत कथा सुनने गई थीं। घर के एक कमरे के कुंडे में फंदा डालकर गिरजेश फांसी पर झूल गए।
पत्नी घर लौटीं तो शव फंदे पर झूलते देखा। बदहवास हालत में उसने चीखपुकार शुरू कर दी। चीखपुकार सुनकर आस पड़ोस के लोग इकट्ठे हो गए। इस बीच थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह पहुंच गए। फंदे पर लटक रहे शव को नीचे उतरवाया। मामला संदिग्ध होने पर फोरेंसिक टीम को भी बुलवा लिया। फोरेंसिक टीम के सदस्यों ने साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। मृतक गिरजेश के दो पुत्र 5 वर्षीय आर्यन व 3 वर्षीय अर्पित हैं। मृतक का विवाह छह साल पहले हुआ था।