छिबरामऊ(कन्नौज)। नगर पालिका परिषद बोर्ड की बैठक सोमवार को सभागार में हुई। यहां पेयजल व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए चार नए नलकूप लगवाने का प्रस्ताव पास किया गया। सभासदों ने वार्ड की समस्याओं को भी पटल पर रखा।
नगर पालिका परिषद बोर्ड की बैठक के बाद चेयरमैन राजीव दुबे ने बताया कि नगर में पेयजल व्यवस्था दुरुस्त कराने के लिए नगर पालिका परिसर, अस्पताल रोड, आवास विकास के खराब नलकूपों की जगह दूसरे और मोहल्ला इब्राहीमगंज में नया नलकूप लगवाया जाएगा। नगर में खराब सौ हैंडपंप रीबोर होंगे। इतने ही नए लगाए जाएंगे। मोहल्ला सराफान स्थित गूदड़ गड्ढा तालाब का सुंदरीकरण कराया जाएगा। इसी तरह सभासद अतुल वर्मा ने मोहल्ला ऊंचा बिरतिया में टूटी सड़क की मरम्मत कराने, सभासद नजीम अली ने मोहल्ला कानून गोयान में पानी की सप्लाई सही ढंग से कराने और सभासद हकीमुद्दीन ने वार्ड में जाल व नाली की मरम्मत का प्रस्ताव दिया।
चेयरमैन को सौंपे ज्ञापन, समस्या के समाधान की मांग
जवाहर नगर वार्ड की भाजपा सभासद पूनम शाक्य ने चेयरमैन को सौंपे ज्ञापन में कहा कि तालग्राम रोड से बहबलपुर तक पानी की किल्लत है। समस्या के निदान के लिए बहबलपुर में ट्यूबवेल लगवाया जाए। इसी तरह भाजपा सभासद लक्ष्मी देवी ने मोहल्ला इंदिरा नगर, जेरकिला व बजरिया की पेयजल समस्या के समाधान के लिए अस्पताल रोड पर नलकूप लगवाने की मांग की।