कन्नौज। दो दिन में ही कड़ाके की ठंड ने लोगों के कंपकंपी छुड़ा दी है। सर्दी से बचने के लिए लोग गरम कपड़ों की दुकान पर पहुंचने लगे हैं। रविवार को लोग घरों में ही कैद रहे। दोपहर बाद गुनगुनी धूप निकलने के बाद निकले। सूर्य देव के ओझल होते ही लोग दोबारा घरों में कैद हो गए।
रोजमर्रा का जीवन यापन करने वाले लोगों ने पूरे दिन टायर व लकड़ी जलाकर दिन गुजारा। शाम होते ही दोबारा लोग आग का इंतजाम करते नजर आए।पिछले काफी दिनों से सर्दी नहीं पड़ रही थी, जिसको लेकर लोग काफी परेशान थे, लेकिन कंपकंपाती हुई सर्दी पड़ते ही लोग घरों में कैद होने लगे है।
सर्दी का असर दूसरे दिन भी जारी रहा। भारी गलन से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। जीटी रोड पर रविवार का दिन होने से चहल-पहल कम ही दिखी।
सूर्यदेव के दर्शन होने के बाद लोग अपने घरों से निकले। शाम को सरायमीरा के बस स्टाप पर पुलिस की ओर अलाव जलवाया गया जिससे राहगीरों को काफी राहत मिली। उधर तिर्वा क्रासिंग, रेलवे स्टेशन सहित कई प्रमुख स्थानों पर प्रशासन की ओर से अलाव जलवाए जा रहे हैं।
उधर चाय व समोसा बेंचने वाले दुकानों पर गत दिनों की तुलना में ज्यादा ग्राहक पहुंचे। सर्दी से बचाव के लिए लोग चाय ज्यादा पीते नजर आए। वहीं केके इंटरकालेज मैदान पहुंचकर युवाओं ने क्रिकेट मैच खेलकर सर्दी दूर भगाने व मनोरंजन का प्रयास किया।