कन्नौज। रोडवेज बस स्टैंड के सामने निजी बस खड़ी कर यात्री बैठाने से मना करने पर चालक ने पीआरडी जवान पर बस चढ़ाने का प्रयास किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चालक को हिरासत में ले लिया। बाद में छोड़ दिया गया।
सरायमीरा में रोडवेज बस स्टैंड के पास निजी बसें पूरे दिन कानपुर के लिए यात्री बैठाती हैं। मंगलवार को ड्यूटी पर तैनात पीआरडी जवान ने बस चालक को स्टैंड के निकट बस खड़ी करने से मना किया। इससे नाराज चालक ने पीआरडी जवान के ऊपर बस चढ़ाने का प्रयास किया। कहा कि, यह मंत्री की गाड़ी है। जहां मन होगा, वहीं खड़ी होगी। इस पर लोगों की भीड़ लग गई। आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया। इसी बीच किसी ने सरायमीरा चौकी प्रभारी कमल भाटी को जानकारी दे दी। वह मौके पर पहुंचे।
पीआरडी जवान की बात सुनने के बाद निजी बस के चालक को हिरासत में ले लिया। बाद में किसी वजह से छोड़ दिया गया। निजी बस के चालक की इस हरकत पर चर्चा रही कि बस स्टैंड के निकट दबंगई से निजी बसों का संचालन किया जा रहा है। पुलिस व प्रशासन देखने के बाद भी कार्रवाई नहीं कर पा रहा। इस संबंध में दरोगा कमल भाटी का कहना है कि जो व्यक्ति सीट पर था, वह चालक नहीं है। वह अक्सर रोडवेज बस स्टैंड के निकट घूमा करता है। उसी से पीआरडी जवान की कहासुनी हो गई थी। बस चढ़ाने का प्रयास नहीं किया गया।