घर में लगा ताला, गेट के पास बैठीं पूजा।
- फोटो : CHIBRAMAU
छिबरामऊ(कन्नौज)। नगर के मोहल्ला बजरिया में पत्नी का अधिकार पाने के लिए विवाहिता ने ससुराल में घर के दरवाजे पर डेरा डाल दिया है। बहू के घर पर आते ही ससुरालीजन ताला डालकर चले गए। अब पीड़िता पांच दिन से अपना अधिकार पाने के लिए घर के बाहर जमी हुई है। विवाहिता का कहना है कि अगर न्याय न मिला तो वह घर के बाहर जान दे देगी।
नगर के मोहल्ला बजरिया निवासी पूजा कश्यप ने बताया कि उसकी शादी 19 अप्रैल 2017 को श्रीकृष्ण उर्फ हनी के साथ हुई थी। उसने आरोप लगाया कि पति का प्रेम संबंध दूसरी लड़की से चल रहा है। पति उसे पत्नी का अधिकार नहीं दे रहे हैं। उसके आवाज उठाने पर पति उसे मायके इटावा जिले के ऊसराहार छोड़ आए।
मायके पक्ष के लोगों ने पति से आरजू मिन्नतें कीं। वह साथ रखने को तैयार नहीं हुए। 24 अगस्त को वह अपने पिता नरेंद्र कुमार कश्यप के साथ ससुराल पहुंची तो पति व अन्य ससुरालीजन घर में ताला लगाकर चले गए। वह घर के दरवाजे के बाहर आठों पहर बैठी रहती है। मोहल्ले के महिलाओं की सहानुभूति भी पूजा के साथ है। मोहल्ले के लोग खाना खिला रहे हैं। पूजा का कहना है कि जब तक उसे पत्नी का दर्जा नहीं मिल जाता, तब तक वह यहां से नहीं जाएगी, भले ही जान चली जाए। मोहल्ले के लोगों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस मौके पहुंची। पूजा ने ससुराल का दरवाजा नहीं छोड़ा। इस संबंध में सीओ शिव कुमार थापा ने बताया कि जांच कराई जाएगी। जांच के बाद कार्रवाई होगी।