कन्नौज। बदलते मौसम के चलते संक्रामक बीमारियां पैर पसारने लगी हैं। लोग वायरल बुखार, उल्टी-दस्त समेत कई बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। इस कारण सरकारी और निजी अस्पतालों में मरीजों की भीड़ बढ़ रही है। मुख्यमंत्री जन आरोग्य स्वास्थ्य मेले में 2874 मरीजों ने डॉक्टरों से परामर्श लेकर जांच कराई।
जिले के 33 ग्रामीण और तीन नगरीय पीएचसी पर प्रत्येक रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया जाता है। मेले में मरीजों को डॉक्टर परामर्श देने के साथ ही आवश्यक जांचे भी कराते हैं। मेले में 1187 पुरुष, 1129 महिलाओं और 558 बच्चों ने डॉक्टर से परामर्श लिया। सबसे अधिक मरीज वायरल बुखार से पीड़ित थे। इसके अलावा बच्चे उल्टी-दस्त व पेट दर्द से पीड़ित थे।
डॉक्टरों ने मरीजों को घर और आसपास सफाई रखने व रखा हुआ भोजन न करने के साथ ही पानी को गर्म करने के बाद पीने की सलाह दी। मेले में मरीजों की खून की जांच, आंखों की जांच, टीबी संभावित रोगियों की जांच, हेपेटाइटिस बी व सी की जांच की गई। गर्भवतियों और बच्चों का टीकाकरण कराने के साथ ही 19 लाभार्थियों के गोल्डन कार्ड भी बनाए गए। नोडल अधिकारी डॉ. जितेंद्र कुमार ने पीएचसी का निरीक्षण करते हुए स्वास्थ्य कर्मियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।