सभासद से वार्ता करतीं डूडा की परियोजना अधिकारी मिथलेश अवस्थी।
- फोटो : CHIBRAMAU
छिबरामऊ(कन्नौज)। नगर के 37 पात्र व्यक्तियों के खाते में प्रधानमंत्री आवास योजना की धनराशि न आने से डूडा के खिलाफ नगर पालिका में आमरण अनशन कर रहे सभासद से परियोजना अधिकारी ने वार्ता की। उन्होंने एक सप्ताह के अंदर समस्याओं का निराकरण करने का आश्वासन देकर अनशन खत्म करा दिया।
शुक्रवार को मोहल्ला कस्सावान के सभासद रानू कुरैशी मोहल्ले के लोगों के साथ नगर पालिका के सभागार में आमरण अनशन पर बैठ गए। सभासद ने बताया कि नगर में 2016 से लेकर 2019 तक सैकड़ों गरीब पात्र लोगों को अब तक प्रधानमंत्री आवास नहीं दिया गया।
अनशन की जानकारी पर दोपहर को डूडा की परियोजना अधिकारी मिथलेश अवस्थी नगर पालिका पहुंचीं। उन्होंने सभासद की समस्याओं को गंभीरता से सुना। एक सप्ताह के अंदर निस्तारण का आश्वासन दिया। परियोजना अधिकारी ने सभासद को जूस पिलाकर अनशन समाप्त कराया। इस दौरान रियाज अहमद, इरशाद कुरैशी, राजू कुरैशी, विमल वाल्मीकि, शिवा जाटव, तवरेज कुरैशी, शहनाज कुरैशी, यास्मीन कुरैशी, बाबू कुरैशी, आरिफ कुरैशी व टिंकू जाटव सहित कई लोग मौजूद रहे।