छिबरामऊ(कन्नौज)। इस बार परिषदीय स्कूलों के बच्चों की यूनिफार्म सिलने और आपूर्ति की जिम्मेदारी स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को दी गई है।
13 स्वयं सहायता समूह की 42 महिलाएं दो हजार यूनिफार्म तैयार करने में जुटी हैं।
कोरोना संक्रमण काल के दौरान गांव लौटे प्रवासी श्रमिकों व उनके साथ आईं महिलाओं को गांव और आसपास रोजगार देने की कवायद की जा रही है। इस बार परिषदीय स्कूलों के छात्र और छात्राओं को सप्लाई की जाने वाली यूनिफार्म का कार्य 90 रुपये की निर्धारित दर पर समूह की बेरोजगार महिलाओं को सौंपा गया है। शहजहांपुर व जगतपुर में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत 13 समूह की 42 महिलाओं को दो हजार यूनिफार्म सिलने के लिए 20 अगस्त को कपड़ा मुहैया कराया गया था।
मंगलवार को ब्लाक मिशन मैनेजर पुष्पेंद्र सिंह ने कार्य की प्रगति का निरीक्षण किया। यूनिफार्म की गुणवत्ता चेक की। उन्होंने बताया कि 15 दिन के अंदर दो हजार यूनिफार्म की सिलाई का काम पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद इन्हें स्कूलों में भेजा जाएगा।