कन्नौज। बाहरी राज्यों और शहरों से लोगों की आमद से कोरोना का खतरा बढ़ गया है। जिले में संक्रमण बाहर के लोगों से फैला है। कोविड-19 हास्पिटल में भर्ती सात मरीजों के ठीक होने पर जिले को ग्रीन जोन का तमगा मिलने की उम्मीद जगी थी। शनिवार को कानपुर से लौटे युवक और सोमवार को छिबरामऊ में मुंबई से लौटे युवक में कोरोना की पुष्टि ने उम्मीदों पर पानी फेर दिया। जिले में अब तक नौ कोरोना संक्रमित पाए गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक जिले में बाहर से आने वाले पांच लोग अपने साथ संक्रमण लाए हैं। जिले का पहला संक्रमण ठठिया के बदलेपुर्वा गांव से 10 अप्रैल को हरियाण लौटे युवक में पाया गया था। 15 अप्रैल को छिबरामऊ के बहादुरपुर गांव में आगरा से इलाज कराकर लौटे सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक और उनके संपर्क में आने वाले चार परिजनों में संक्रमण पाया गया।
19 अप्रैल को समधन में जमातियों के साथ आया युवक पॉजिटिव निकला था। नौ मई को कानपुर से आने वाले युवक में संक्रमण मिला। सोमवार को छिबरामऊ में मुंबई से लौटे युवक में कोरोना की पुष्टि से हड़कंप मचा है। सीएमओ डॉ. कृष्ण स्वरूप ने बताया कि दो कोरोना मरीजों का कोविड-19 हास्पिटल में उपचार चल रहा है।