कन्नौज। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की कापियों के मूल्यांकन को लेकर असमंजस खत्म हो गया। मूल्यांकन 12 से 30 मई तक कराया जाएगा। मुख्य गेट पर उपनियंत्रक, हेड परीक्षक, परीक्षक समेत कर्मचारी थर्मल स्क्रीनिंग के बाद केंद्र में प्रवेश कर सकेंगे। वहीं, माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेश मंत्री श्रीकृष्ण यादव ने शिक्षामंत्री से कोरोना के चलते घर से मूल्यांकन कराने की मांग की है।
प्रमुख सचिव माध्यमिक शिक्षा आराधना शुक्ला का 12 मई से मूल्यांकन कराने संबंधी आदेश जिले में पहुंच गया। सुबह उपनियंत्रक व कर्मचारी मूल्यांकन केंद्र पर पहुंच गए। दोनों केंद्रों को सैनिटाइज करवाया गया। प्रधान परीक्षक व परीक्षक को दो गज की दूरी पर बैठाने का प्लान बनाया गया। डीआईओएस ने दोनों केंद्रों पर तैयारियों का जायजा लेकर आवश्यक निर्देश दिए।
3,35,213 कापी जांचने का लक्ष्य
जिले में 3,35,213 कापी जांचने का लक्ष्य है। एसबीएस इंटर कालेज में 1,82,213 व केके इंटर कालेज में 1.53 लाख उत्तर पुस्तिकाओं को जांचने की जिम्मेदारी दी गई है। दो दिन चले मूल्यांकन में दोनों केंद्रों पर सिर्फ एक हजार कापी जांची जा सकीं। उपनियंत्रक एनसी पाल ने बताया कि 12, 14, 16, 18, 20, 22, 24, 26, 28 व 30 मई को हिंदी, गृह विज्ञान, विज्ञान, चित्रकला व कृषि की कापियों का मूूल्यांकन होगा। अन्य दिवसों में उर्दू, अंग्रेजी, संस्कृत, गणित, सामाजिक विज्ञान विषयों का मूल्यांकन किया जाएगा। मूल्यांकन सुबह 10 बजे से शुरू होगा।