उत्तर प्रदेश में जिला पंचायत चुनाव की तैयारियाें के बीच कन्नौज के तिर्वा में तहसील प्रशासन ने दो ब्लाकों के आठ बूथों में बदलाव किया है। अधिक दूरी से इन्हें पास के बूथ से जोड़ा गया है। इससे मतदाताओं को मतदान के लिए ज्यादा दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी।
एसडीएम ने इसकी रिपोर्ट जिला निर्वाचन अधिकारी को भेज दी है। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में मतदाताओं की दिक्कत को देखते हुए तहसील प्रशासन ने सर्वे कराकर ज्यादा दूरी वाले बूथों में बदलाव कर दिया है।
तहसीलदार अनिल कुमार सरोज ने बताया कि उमर्दा ब्लाक के निजामपुर गांव के लोगों को अभी तक खामा के बूथ में मतदान करना पड़ता था। बूथ की अधिक दूरी होने से यहां के बूथ को निजामपुर में कर दिया गया। यह पास पड़ेगा।
इसी तरह प्राथमिक विद्यालय ठठिया के जूनियर व प्राथमिक विद्यालय का एक-एक बूथ इनायतपुर गांव में बनाया गया। जनखत गांव के बूथ को बारापुर में बनाया गया है। हसेरन ब्लाक में अलीनगर का एक बूथ जादेपुर्वा में, खरगपुर बिलंदपुर का एक बूथ नारायनपुर्वा में, गोपालपुर के बूथ में एक कमरा कम होने से पुर्वादानी में, मढ़पुरा के नंदे नगला बूथ को गुमदापुर में बनाया गया। उन्होंने बताया कि बूथों का बदलाव दूरी देखकर किया गया है।