तेराजाकेट। जिला निर्वाचन कार्यालय (पंचायत एवं नगरीय निकाय) द्वारा पंचायत चुनाव 2025 के लिए मतदाता सूची के पुनरीक्षण के लिए विस्तृत कार्यक्रम जारी किया गया है। यह कार्यक्रम राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 11 जुलाई 2025 को जारी पत्र के अनुसार संचालित होगा। यह जानकारी तालग्राम विकास खंड के एडीओ पंचायत रवि प्रताप सिंह ने दी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, किसी ग्राम पंचायत के अधिक भाग या पूर्ण ग्राम पंचायत को नगरीय निकाय में सम्मिलित करने की स्थिति में नाम हटाने और जोड़ने की प्रक्रिया 18 जुलाई से 13 अगस्त तक चलेगी। इसके बाद 14 अगस्त से 29 सितंबर तक घर-घर जाकर गणना, सत्यापन और हस्तलिखित लिपि तैयार की जाएगी। ऑनलाइन आवेदन 14 अगस्त से 23 सितंबर तक लिए जाएंगे और प्राप्त आवेदनों की जांच 23 से 29 सितंबर तक होगी। पुनरीक्षित मतदाता सूची के ड्राफ्ट प्रकाशन की तिथि चार दिसंबर तय की गई है, जबकि अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 12 दिसंबर को होगा।
दावे और आपत्तियों की अंतिम तिथि 13 दिसंबर है और इनका निराकरण 19 दिसंबर तक किया जाएगा। अंतिम सूची में नाम जोड़े जाने के लिए अंतिम आवेदन छह दिसंबर से 12 दिसंबर तक लिए जाएंगे। मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन के बाद मतदाता पर्चियों का वितरण नौ जनवरी से 14 जनवरी 2026 तक होगा और नामावली का अंतिम प्रकाशन 15 जनवरी 2026 को किया जाएगा।