छिबरामऊ। कृषि उत्पादन मंडी समिति में इस समय धान की आवक बढ़ गई है। धान से लदे बड़ी संख्या में ट्रैक्टर एक साथ आने से जीटी रोड से लेकर निगम के अंदर जाम के हालत शुक्रवार को हो गए। किसानों तथा व्यापारियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। सरकारी धान केंद्रों पर सन्नाटा पसरा रहा। किसानों ने अपना धान मंडी के व्यापारियों को ही बेचा। धान क्रय केंद्र प्रभारी कृष्णगोपाल गौतम ने बताया कि इस समय जो धान आ रहा है, उसकी खरीद व्यापारी ही करते हैं। उन्होंने बताया कि अभी तक उनके यहां 97.60 क्विंटल धान की खरीद हुई है।
नगर में इस समय जाम की समस्या विकराल रूप ले चुकी है। हर तिराहे व चौराहे पर हर समय जाम लगने से नागरिकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पीपल चौराहा, सब्जी मंडी, सौरिख तिराहा, अस्पताल रोड, हीरालाल इंटर काॅलेज चौराहा पर लगने वाले जाम पर पुलिस लगाम नहीं लगा पा रही है। नागरिकों ने पुलिस अधीक्षक से यातायात पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाए जाने की मांग की है। क्षेत्राधिकारी सुरेश मलिक ने कहा कि नगर के हर तिराहे व चौराहे पर पुलिस तैनात कर जाम की समस्या से निजात दिलाई जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि यातायात नियमों का पालन करें। बाजार में अनावश्यक वाहन खड़ा न करें, जो भी पुलिस कर्मी लापरवाही बरतेगा, उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
जामा मस्जिद मार्केट के सामने भी रहती है भीड़
जामा मस्जिद मार्केट, नगर पालिका द्वारा बनाई गई दुकानें तथा रमाबाई बालिका इंटर काॅलेज के पास भी भारी भीड़ रहती है। थोड़े से बीच में ही बनी लगभग 100 से अधिक दुकानों पर खरीदारी को आने वाले लोग अपने वाहनों को सड़क पर खड़ा कर देते हैं। इस कारण वहां पर जाम की स्थिति रहती है।