पचास शय्या प्रसव वार्ड के निरीक्षण के दौरान निर्माण सामग्री चेक करते डीएम राकेश मिश्रा।
- फोटो : CHIBRAMAU
छिबरामऊ(कन्नौज)। राजकीय महिला चिकित्सालय परिसर में पचास शय्या प्रसव वार्ड का निर्माण मानक के अनुरूप न देख डीएम राकेश कुमार मिश्रा ने सहायक अभियंता (एई) को फटकार लगा दी। मानक के अनुरूप निर्माण न होने पर मुकदमा दर्ज कराने की चेतावनी दी। इससे पहले डीएम, एसपी, सीडीओ ने कृषि कल्याण केंद्र पर खिड़कियाें में दूरी देख दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।
शनिवार को अफसरों का काफिला निर्माणाधीन 50 शय्या प्रसव वार्ड पहुंचा। यहां निर्माण कार्य की गति धीमी देख डीएम ने सहायक अभियंता अतुल कुमार बाजपेई को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। सीमेंट मानक के अनुरूप न देख फटकार लगा दी। कहा कि मानक के अनुरूप निर्माण न होने पर दोषी लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
शहर में उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ लिमिटेड कानपुर की ओर से पांच करोड़ 62 लाख 38 हजार रुपये की लागत से पचास शय्या प्रसव वार्ड बनाया जा रहा है। शासन से दो करोड़ 81 लाख 19 हजार रुपये की धनराशि कार्यदायी संस्था के खाते में भेजी जा चुकी है। प्रसव वार्ड का निर्माण 27 मई 2021 तक पूरा होना है। चार मंजिला इमारत बननी है। अभी तक प्रथम तल का काम भी पूरा नहीं हो सका।