छिबरामऊ (कन्नौज)। पांच अक्तूबर को बिजली कर्मियों के कार्य बहिष्कार की घोषणा और विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर प्रशासन ने कवायद शुरू कर दी है। तहसील के सभी उपकेंद्रों पर बिजली विभाग में तैनात संविदा कर्मियों के साथ देखरेख, सुरक्षा के लिए पुलिस व राजस्व टीम रहेगी।
निजीकरण के विरोध में उत्तर प्रदेश विद्युत कर्मचारी संघ के आह्वान पर बिजली कर्मी चार अक्तूबर तक दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक उपकेंद्र पर हर दिन धरना देकर प्रदर्शन कर रहे हैं। मांगें पूरी न होने की स्थिति में पांच से कार्य बहिष्कार कर हड़ताल पर जाने का एलान किया जा चुका है। ऐसी स्थिति में विद्युत व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए शासन के निर्देश पर प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। पांच अक्तूबर को सभी राजस्व निरीक्षक व लेखपाल बिजली विभाग के संविदा कर्मियों के साथ मिलकर काम करेंगे।
एसडीएम देवेश कुमार गुप्ता ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए पुलिस टीम की तैनाती के लिए सीओ शिवकुमार बाथम व सभी कोतवाल को कह दिया गया है।