सपा कार्यालय में समीक्षा बैठक के दौरान मौजूद पदाधिकारी व कार्यकर्ता
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
समाजवादी पार्टी कार्यालय पर बुलाई गई समीक्षा बैठक में विधानसभा चुनाव व तिर्वा ब्लाक प्रमुख की कुर्सी का मुद्दा छाया रहा। निर्वतमान ब्लाक प्रमुख ने आरोप लगाया कि पार्टी के ही कुछ लोगों ने सपाई बीडीसी को बाईपास कराकर भाजपा में वोट ट्रांसफर कराया। इतना सुनकर जिला महासचिव व पूर्व ब्लाक प्रमुख आमने-सामने हो गए। कुछ ही पलो में दोनों पक्षों के लोगों की आस्तीनें चढ़ र्गइं। बाद में पदाधिकारियों ने बीच में पड़कर मामले को शांत कराया।
पार्टी कार्यालय पर बुलाई गई समीक्षा बैठक काफी हंगामेदार रही। निर्वतमान ब्लाक प्रमुख इंद्रेश यादव ने कहा कि समीक्षा बैठक के नाम पर केवल पार्टी कार्यालय पर खानापूर्ति की जा रही है। बैठक में सभी जिम्मेदार संगठन के लोगों को उपस्थित होना चाहिए। ऐसा नहीं हो रहा है। केवल गिने-चुने लोग ही हर बैठक में शामिल होते हैं। जिस कारण किसी प्रस्ताव पर चर्चा नहीं हो पा रही है। कहा कि उनके खिलाफ तिर्वा ब्लाक में आए अविश्वास प्रस्ताव पर जिला संगठन ने कोई मदद नहीं की। इसके अलावा जानबूझकर सपाई बीडीसी सदस्यों को बाईपास कराते हुए भाजपा में वोट ट्रांसफर कराए गए।
पूर्व ब्लाक प्रमुख के भाषण को लेकर जिला महासचिव ने आपत्ति जताई। कुछ ही देर में दोनों पक्षों की ओर से बहस व आस्तीनें खिंचने का दौर शुरू हो गया। बाद में वरिष्ठ पदाधिकारियों ने बीच में पड़कर मामले को शांत कराया। जिला महासचिव का कहना था कि पूर्व ब्लाक प्रमुख आवेश में आकर भाषण दे रहे थे, उन्होंने बस रोका था। इसके अलावा कोई मामला नहीं हुआ। वहीं समीक्षा बैठक में पूर्व ब्लाक प्रमुख नवाब सिंह यादव ने सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर कार्य करने की नसीहत दी। सांसद डिंपल यादव के पिता एसपी रावत ने कार्यकर्ताओं से विधानसभा चुनाव का फीड बैक लिया। इस मौके पर सदर विधायक अनिल दोहरे, विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष संजू कटियार, पूर्व विधायक कल्यान सिंह दोहरे, भोले कुरैशी, अवधेश कुशवाहा, अब्दुल सत्तार कुरैशी, विजय यादव सहित अन्य मौजूद रहे।