कन्नाैज। शासन के निर्देश पर 15 अप्रैल तक सभी पंजीकृत स्कूली वाहनों की जांच करने के निर्देश परिवहन विभाग को दिए गए थे। फिलहाल पंजीकृत 672 स्कूली वाहनों में से 510 वाहनों की ही जांच हो सकी है, जांच प्रक्रिया पूरी होने में एक सप्ताह का समय लग सकता है।
स्कूली बच्चों की सुरक्षा के लिए प्रदेश सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। इसके लिए विशेष पोर्टल जारी किया गया है, जिसमें उल्लिखित बिंदुओं के आधार पर पंजीकृत स्कूली वाहनों की जांच कर स्पष्ट जानकारी पोर्टल पर अपलोड की जानी है। इसके माध्यम से शासन ने पंजीकृत स्कूली वाहनों की वास्तविक स्थिति का परीक्षण करने के निर्देश दिए थे।
शासन ने इसके लिए 15 अप्रैल तक की समय सीमा निर्धारित की थी, लेकिन जिले में अभी तक महज 510 स्कूली वाहनों की ही जांच हो सकी है, जबकि 162 वाहनों की जांच शेष है। इसमें एक सप्ताह का समय और लग सकता है। निर्धारित पोर्टल पर स्कूली वाहनों की वस्तुस्थिति की जानकारी अपलोड होने के बाद शासन स्तर से संबंधित वाहन स्वामियों व स्कूल संचालकों को नोटिस जारी करने की कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में एआरटीओ इज्या तिवारी ने बताया कि 510 वाहनों की जांच पूरी कर पोर्टल पर अपलोड की जा चुकी है। शेष 162 वाहनों की जांच पूरी जल्द की जाएगी।