कन्नौज। तिर्वा की दुष्कर्म पीड़िता युवती का तीसरे दिन अल्ट्रसाउंड कराकर बयान के लिए मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया। वहां पहुंचते ही पीड़िता रोने लगी। न्याय दिलाने का आश्वासन देकर उसे चुप कराया गया फिर बयान दर्ज किए गए।
तिर्वा की 20 वषीर्य युवती शनिवार रात करीब आठ बजे गारमेंट की दुकान पर ड्यूटी कर पैदल घर लौट रही थी। दोस्त अमन खान पुत्र जुल्फिकार अली और आमिन पुत्र बबलू रंगरेज ने घर छोड़ने का झांसा देकर बाइक पर बैठा लिया और सूनसान जगह पर सामूहिक दुष्कर्म किया था। रविवार को अस्पताल में पीड़िता शाम तक बैठी रही लेकिन मेडिकल नहीं हो पाया। सोमवार को आधा-अधूरा मेडिकल परीक्षण कराया गया।
मंगलवार को तिर्वा कोतवाली पुलिस ने अल्ट्रासाउंड कराया। इसके बाद बयान दर्ज कराने के लिए जिला एवं सत्र न्यायालय में मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया। मजिस्ट्रेट के सामने पीड़िता फूट-फूट कर रोने लगी। सांत्वना मिलने पर उसने आपबीती मजिस्ट्रेट को बताई। पीड़िता की सुरक्षा के लिए पुलिस टीम लगाई गई है।
इनसेट
सोशल मीडिया से हुई थी दोस्ती
कोतवाल इंद्रपाल सरोज ने बताया कि जांच में पता चला है कि युवती सोशल मीडिया के जरिये अमन खां से परिचित हुई। ड्यूटी से लौटते समय उसने रास्ते में सब्जी ली और पैदल घर की ओर चल दी। रास्ते से निकले अमन खान ने उसे देखकर बाइक रोक दी। अमन खान ने दीदी कहते हुए घर तक छोड़ने की बात कही। पहले तो युवती ने मना कर दिया, लेकिन अमन ने कहा कि उसे दीदी मानता है तो झांसे आ गई।