कन्नौज। अमर उजाला की ओर से आयोजित वेबीनार में जिले के उद्यमियों और व्यापारियों को मंडलायुक्त डा.राजशेखर ने इंडस्ट्रियल एरिया के विस्तार और कन्नौज की ऐतिहासिक धरोहरों के प्रचार का आश्वासन दिया। आयुक्त ने परफ्यूम यूनिवर्सिटी के लिए अपनी ओर से भी प्रयास करने और परफ्यूम पार्क व ठठिया मंडी जल्द शुरू कराने का आश्वासन भी दिया।
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल कन्नौज के नगर अध्यक्ष राज शर्मा ने इत्र नगरी में परफ्यूम यूनिवर्सिटी बनाने का मुद्दा सांसद सुब्रत पाठक ने लोकसभा में उठाया था। तब प्रधानमंत्री ने यूनिवर्सिटी बनाने का आश्वासन भी दिया था। यूनिवर्सिटी बनाने के लिए क्या प्रक्रिया चल रही है। आयुक्त ने बताया कि एफएफडीसी में बनने को विस्तार देकर यूनिवर्सिटी की योजना अमल में लाई जा रही है। वह खुद इसके लिए प्रयास करेंगे।
इत्र नगरी को पर्यटन स्थल बनाने की मांग पर आयुक्त ने पर्यटन स्थल के रूप में विस्तार देने पर प्रतिबद्धता जताई और इसके लिए सर्वेक्षण कराने की बात भी कही।
व्यापारी सौमित्र माणिक्य मिश्रा ने कहा कि लगभग 34 वर्ष पहले बना इंडस्ट्रियल एरिया का विस्तार कर युवा उद्यमियों को वहां जगह देनी चाहिए। मंडलायुक्त ने राज्य सरकार को अवगत करा विस्तार कराने का आश्वाशन दिया। कहा 22 अक्तूबर को कन्नौज आकर इस विषय पर विस्तृत चर्चा करूंगा। परफ्यूम पार्क के सवाल पर आयुक्त ने कहा कि प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी हैं।
बहुत जल्द काम शुरू हो जाएगा। ठठिया की निर्माणाधीन मंडी को भी जल्द पूर्ण कराने का आश्वासन मंडलायुक्त ने दिया। राज शर्मा ने भी मुद्दे उठाए।
वेबिनार में इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन, लघु उद्योग भारती, प्रॉविंशियल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन, कानपुर इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कोआपरेटिव इस्टेट, फैसिलिटेशन फॉर इंडस्ट्रीज एंड ट्रेडर्स एसोसिएशन व चर्म निर्यात परिषद के सदस्यों के अलावा कानपुर देहात, औरैया, इटावा, फर्रखाबाद के उद्यमी भी शामिल रहे।