कन्नौज। तहसीपुर में काली नदी पुल के पास गोली मारकर मजदूर की हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। नामजद मुख्य आरोपी व उसका एक साथी अभी पुलिस को नहीं मिले हैं। वहीं गांव में तनाव के चलते एसपी के आदेश पर पुलिस बल तैनात कर दी गई है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के तहसीपुर निवासी चंद्रकिशोर उर्फ चन्नू(22) पुत्र राधेश्याम राजपूत का शुक्रवार सुबह गांव के बाहर काली नदी के पुल के पास खून से लथपथ शव मिला था। एफआईआर के मुताबिक रंजिश के चलते गांव के बबलू उर्फ प्रेम सिंह, शिवम, नीलेश व रामकुमार ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। हत्या के बाद पुलिस ने शुक्रवार रात दबिश देकर आरोपी शिवम और नीलेश को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद शनिवार को दोनों को जेल भेज दिया गया। वहीं मुख्य आरोपी बबलू उर्फ प्रेम और राजकुमार की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। कोतवाल विकास राय ने बताया कि जल्द फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
हाथों में मिले काले धब्बे, बाईं ओर तिरछी लगी गोली
कन्नौज। चन्नू के हाथों में काले धब्बे मिले हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सीने में बाईं ओर तिरछी गोली धंसी मिली है। जिससे पुलिस को आत्महत्या का भी शक हो रहा है। अब पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों बिंदु को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। सीओ शिव प्रताप सिंह ने बताया कि मामले की जांच चल रही है। जांच के बाद ही स्थिति स्प्ष्ट हो सकेगी।
इनसेट...
बोले आरोपी साहब हम निर्दोष हैं
कन्नौज। पुलिस की गिरफ्त में आए हत्यारोपी शिवम और नीलेश कुमार की गिरफ्तारी के बाद कोतवाली में पुलिस अधिकारियों ने पूछताछ की। इस दौरान दोनों ने बताया कि वह लोग निर्दोष हैं। उन्होंने चंद्रकिशोर की हत्या नहीं की है। शाम से लेकर वह लोग परिवार के साथ मौजूद रहे। सुबह शव मिलने की जानकारी पर वह दोनों भी मौके पर पहुंचे थे। नामजदगी होने की वजह से पुलिस ने दोनों को जेल भेज दिया।