तिर्वा (कन्नौज)। खेत की जुताई के दौरान रोटावेटर की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई। परिजनों ने तीन लोगों पर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली के नुनारी गांव निवासी अजब सिंह उर्फ मिंटू (25) पुत्र राम प्रकाश सोमवार रात करीब 10 बजे गांव एक ट्रैक्टर पर बैठकर रोटावेटर से खेत की जुताई कराने गया था। वहां संदिग्ध हालात में रोटावेटर से कटकर अजब सिंह की मौत हो गई।
पिता रामप्रकाश का कहना है कि बेटे ने जुताई के लिए जाने से मना किया था। जबरदस्ती उसे गांव के तीन लोग खेत पर ले गए। वहां मारपीट के बाद रोटावेटर से काटकर हत्या कर दी। कोतवाल इंद्रपाल सरोज ने कहा कि जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।