छिबरामऊ (कन्नौज)। पति के साथ दवा लेने जा रही नादेमऊ निवासी महिला मोपेड से गिरकर वह गंभीर रूप से घायल हो गई। सौ शय्या अस्पताल से परिजन उसे सैफई ले जा रहे थे लेकिन सौरिख कट के पास उसने दम तोड़ दिया।
परचून दुकानदार शिवरतन राठौर की पत्नी लक्ष्मी (40) बीमार थीं। रविवार को शिवरतन मोपेड पर छिबरामऊ के निजी चिकित्सक के यहां उन्हें दवा दिलाने ले जा रहे थे। सौरिख रोड पर कालिका देवी मंदिर के पास पीछे से किसी वाहन ने तेजी से हार्न दिया तो लक्ष्मी चौंककर मोपेड से नीचे गिर गईं।
सड़क पर गिरने से वह गंभीर घायल हुईं। सिर में गंभीर चोट लग गई थी। अस्पताल ले जाया गया लेकिन जान नहीं बची। शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रखवा दिया गया। शिवरतन के तीन बेटे व तीन बेटियां हैं।