तालग्राम (कन्नौज)। आदर्श नगर पंचायत तालग्राम भी कूड़े से खाद बनाएगी। इसके लिए रामलीला मैदान के पास आठ बीघे में एमआरएफ (मेटेरियल रिकवरी फैसलिटी) सेंटर बनाया जाएगा। सेंटर निर्माण के लिए शासन ने 33.67 लाख रुपये जारी कर दिए हैं।
नगर पंचायत के ईओ घनश्याम राय ने बताया कि निर्माण के लिए ठेका उठा दिया गया है। सेंटर तीन महीने में तैयार होना है। निर्माण पर करीब 44 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है। शासन ने 33.67 लाख रुपये मिल गए हैं। शेष धनराशि नगर पंचायत अपने संसाधनों से जुटाएगी। निर्माण के बाद कूड़े से जैविक खाद तैयार की जाने लगेगी।
ठेकेदार शोएब ने बताया कि घरों का गीला और सूखा कूड़ा एकत्र किया जाएगा। गीले कूड़े से जैविक खाद बनेगी। सूखे कूड़े से प्लास्टिक, पॉलीथिन, कागज और गत्ता को अलग कर बेचा जाएगा। सेंटर के बनने से नगर साफ सुथरा रहेगा और खाद बिक्री से आमदनी भी बढ़ेगी।