करंट से मवेशियों की मोत पर मुआवजे के लिए प्रदर्शन करतीं महिलाएं व पुरुष।
- फोटो : KANNAUJ
तालग्राम (कन्नौज)। थाना क्षेत्र के सलेमपुर के पास मंगलवार शाम करीब चार बजे के हाईटेंशन लाइन का तार टूटने से करंट की चपेट में आकर चार मवेशियों की मौत हो गई। मुआवजे की मांग को लेकर महिलाओं के साथ ग्रामीणों ने जमकर नारेबाजी की। पुलिस ने किसी तरह उन्हें शांत कराया।
सलेमपुर टिकुरियन गांव निवासी सरमन पुत्र बाबुराम कश्यप मवेशियों को खेतों में चरा रहा था। तालग्राम उपकेंद्र से कूकापुर जाने वाली 11 हजार की लाइन का तार सलेमपुर निवासी छुन्ना के खेत में टूट कर गिर गया। तार में दौड़ रहे करंट की चपेट में आकर सरमन की तीन गाय और एक भैंस की मौत हो गई। घास काट रहे रामसरन बाल-बाल बचे।
ग्रामीणों ने फोन कर बिजली आपूर्ति बंद कराई। रुचि, ममता, गुड़िया, ऊषा, सरमन, बाबूराम, जबरन राकेश, सुधीर, मनोज ने मुआवजे की मांग को नारेबाजी शुरू कर दी। बिजली विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग करने लगे। मौके पर पहुंची पुलिस ने समझा बुझा कर किसी तरह लोगों को शांत किया। जेई जितेंद्र कुमार का कहना है पशुओं की क्षति होने पर विभाग को अवगत कराएंगे और मुआवजा दिलाने का प्रयास करेंगे।