कन्नौज। दो दिनों से हो रही कई घंटे की मूसलाधार बारिश ने शहरियों को परेशान कर दिया। किसानों में जरूर खुशी है। शहरी इलाकाें व कस्बाई क्षेत्रों में लोगों का जनजीवन प्रभावित हुआ। नाले-नालियों की सफाई न होने से जगह-जगह जलभराव हो गया। निचले इलाकों में कमरों तक गंदा पानी पहुंच गया। इसी में बिजली की कटौती ने दिक्कत बढ़ा दी। सुबह नलों में पानी न मिलने व कई जगह टायलेट में भी बारिश का पानी उफना जाने से लोग नित्यक्रिया के लिए भी परेशान रहे।
लगातार दो दिनों से हो रही बारिश के चलते जिले के अधिकांश मोहल्लों में जलभराव हो गया है। मोहल्ले नाले व तालाब जैसे तब्दील दिखे। कई पॉश इलाकों सरायमीरा बैंक कालोनी में भी जलभराव के कारण घरों में पानी घुस गया है। सबसे खराब हाल शहर के शेखाना मोहल्ला, नखाशा, होली मोहल्ला, कचहरी टोला, सफदरगंज, अराराबारी, हाजी शरीफ, बड़ा बाजार का है। शेखाना में तो लोगों की कमर तक पानी भरा है। लोगों का आरोप है कि अफसरों ने भूमाफिया से मिलकर बड़े नाले को समेट कर छोटा कर दिया है।
खाली जगहों पर अवैध निर्माण हो गए। बारिश के पानी की निकासी प्रभावित हो गई है। कई लोग तो कामकाज पर भी नहीं जा पाए। कार, बाइक, स्कूटी पानी में डूबी दिखी। बुधवार को मूसलाधार बारिश हुई ही थी, गुरुवार को भी भोर में तेज बारिश होने लगी। सुबह 11 बजे तक निर्बाध रूप से बारिश हुई। लोगों की मुश्किलें बढ़ गईं।
कागजियाना मोहल्ले की निवासी गुड़िया पत्नी जाहिद का बारिश से मकान गिर गया। मोहल्ला मुबारकपुर टीला हाजी गंज निवासी शमा परवीन पत्नी मोहम्मद मुईन का मकान भी गिर गया। कलक्ट्रेट आवासीय कालोनी में दो फीट तक पानी भर जाने से लोगों को निकलने में दिक्कत हुई। यही हाल विकास भवन का रहा। जिला अस्पताल की आवासीय कालोनी भी टापू बन गई। सबसे अधिक बदहाल धीरा ताल के पास कृष्णा नगर में दिखाई दिए। यहां घरों में पानी भर गया।
मानीमऊ के दुर्जनापुर-गंगागंज मार्ग में हुआ कटान
सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव दुर्जनापुर निवासी शशि कांत दुबे ने गंगागंज निवासी कुछ लोगों पर संपर्क मार्ग काटने का आरोप लगाया। इससे बारिश के पानी से पूरे मार्ग में कटान हो गया। मामले की शिकायत उप जिलाधिकारी सदर से की गई है। जिसके बाद सदर एसडीएम अपूर्व यादव और ईओ एसके गौतम ने कृष्णा नगर का निरीक्षण किया और जीटी रोड के पास जेसीबी लगाकर ताल के पानी का निकास बनाने के लिए नाले का निर्माण शुरू कराया है।
वहीं बारिश के चलते सुबह करीब तीन बजे से दोपहर 12 बजे तक अधिकांश इलाकों की बिजली गुल रही इससे लोगों के सामने पेयजल संकट खड़ा हो गया। नित्यक्रिया से लेकर लोगों के कई काम बंद हो गए। अधिशासी अभियंता शादाब अहमद ने बताया कि बारिश में कई जगह केबल डूब गए थे, लोकल फॉल्ट हुए। सुरक्षा की दृष्टि से भी बिजली बंद कर दी गई थी। बारिश बंद होने पर आपूर्ति चालू कर दी गई।
एचटी लाइन में फाल्ट से घंटो गुल रही बत्ती
तालग्राम। क्षेत्र में बुधवार हुई बारिश के चलते हाईटेंशन लाइनों में फॉल्ट आ गया। इससे फीडर ब्रेकडाउन हो गए। जिसके चलते गुरुवार दोपहर तक बिजली गुल रही। बारिश से बुधवार रात अमोलर उपकेंद्र के फीडर ताहपुर और दलापुर्वा की 11 हजार लाइन में फॉल्ट आ जाने से ब्रेकडाउन हो गए। जिससे पूरे क्षेत्र की बिजली व्यवस्था चरमरा गई। इसके बाद ताहपुर उपकेंद्र और तालग्राम के भोजापुर फीडर की लाइनों में भी फॉल्ट आ गए। बिजली न आने से पानी की सप्लाई भी प्रभावित हुई। कर्मचारियों ने पैट्रोलिंग कर गुरुवार दो बजे तक बिजली आपूर्ति शुरू करा पाई।