कन्नौज। जिले में हुई दो घंटे की मूसलाधार बारिश से किसानों को तो राहत मिली लेकिन शहर के निचने मोहल्लों में जलभराव होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सरायमीरा के धीराताल ओवरफ्लो होने से पानी घरों में भर गया। कई जगह रास्ते भी डूब गए।
मंगलवार रात करीब 11 बजे शुरू हुआ सिलसिल रुक-रुक कर बुधवार सुबह सात बजे तक जारी रहा। सुबह पांच से सात बजे तक तो मूसलाधार बारिश हुई। इससे खेतों से लेकर सड़कों तक पानी भर गया। अच्छी बारिश होने से ग्रामीण क्षेत्रों में धान की फसल को सबसे ज्यादा फायदा हुआ है मक्का व अन्य फसलों में भी जान आ गई।
किसानों का कहना था कि सीजन की सबसे अच्छी बारिश हुई है।
बारिश से शहर में जरूर लोगों को परेशानी हुई। तिर्वा रोड नसरापुर गांव के सामने मुख्य मार्ग पर पानी भर गया। लोगों को इसी पानी से वाहन लेकर निकलना पड़ा। जीटी रोड पूर्वी ओवर ब्रिज के उतार पर तो पूरे दिन जलभराव रहा। अधिक होने से कई कार व बाइक चालकों को दिक्कत हुई। जगह जगह जलभराव से मार्ग पर गड्ढे हो गए।