एसडीएम के स्टेनों बदन सिंह को ज्ञापन सौंपते सौरिख के व्यापारी।
- फोटो : CHIBRAMAU
छिबरामऊ। थाने के मुंशी और मेडिकल स्टोर संचालक के कोरोना पॉजिटिव होने से सौरिख के मुख्य बाजार को हॉटस्पॉट घोषित कर सील कर दिया गया था। करीब 15 दिन से बाजार बंद है। पहले लॉकडाउन और अब हॉस्टपॉट होने से दुकानें बंद होने से परेशान व्यापारियों ने सोमवार को एसडीएम को संबोधित ज्ञापन स्टेनो को देकर दुकानें खुलवाने की गुहार लगाई।
व्यापारी कृष्णचंद्र शाक्य, अमर सिंह, उमेश चंद्र, परमजीत आदि ने बताया कि पहले लॉकडाउन में पूरा बाजार बंद रहा। लॉकडाउन के बाद प्रशासन ने एक तरफ दुकानें खोलने की व्यवस्था लागू की थी। इसके बाद दो मरीज निकलने से मुख्य बाजार सील कर दिया गया। अनलॉक में बमुश्किल दस-पंद्रह दिन ही दुकानें खुल पाईं। लगातार दुकानें बंद होने से दुकान का किराया और बिजली का बिल तक भुगतान करना मुश्किल हो रहा है।
दुकानों की कमाई से ही व्यापारियों की आजीविका चलती है। बंदी से परिवार के सामने आर्थिक संकट पैदा हो गया है। ज्ञापन में व्यापारियों ने कहा कि संक्रमित व्यक्ति के घर को सील करवाकर शेष बाजार खुलवा दिया जाए। ज्ञापन देने वालों में हरीशंकर गुप्ता, गौतम सविता, गोविंद गुप्ता, आजाद अहमद, भालचंद्र, कल्लू गुप्ता, शिवम गुप्ता, नीरज कुमार, नरेंद्र कुमार, शिवम द्विवेदी, शाहिद अली, मो. आसिफ और मोहम्मद रेहान आदि शामिल रहे।