जहारा देवी मंदिर जा रहे भक्तों को पुलिस ने लौटाया। संवाद
- फोटो : KANNAUJ
तालग्राम। कोरोना संक्रमण के कारण प्रशासन ने जहारा देवी मंदिर परिसर में लगने वाले मेले पर रोक लगा दी है। बावजूद इसके भक्तों की भीड़ देवी दर्शन को बेकाबू होती देख पुलिस ने लाठियां पटक कर लोगों को दूर किया।
रोहली गांव में स्थित मां जहारा देवी मंदिर परिसर में प्रतिवर्ष विशाल मेला लगता है। लेकिन इस बार कोविड-19 के चलते मेला व मंदिर में भक्तों के आने पर रोक लगा दी गई है।
शुक्रवार की देर रात एसडीएम गौरव शुक्ला ने पुलिस अधिकारियों के साथ भक्तों को रोकने की रणनीति बनाई। मंदिर के रास्तों पर बैरिकेडिंग कराई गई है। लेकिन शनिवार को बड़ी संख्या में लोग अलग-अलग रास्तों से मंदिर की ओर जाने लगे। पुलिस ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन भक्त नहीं माने। पुलिस को लाठियां पटककर भक्तों को दूर करना पड़ा।
प्रभारी निरीक्षक का कहना है कि किसी भी व्यक्ति को मंदिर तक पहुंचने नहीं दिया जाएगा। मंदिर में ताला लगा दिया गया है। कोरोना के चलते लगाए गए प्रतिबंध के बाद भी कुछ लोग पहुंच रहे हैं। सभी लोगों से अपील है कि घरों में ही पूजा-पाठ करें।
इनसेट
रोहली के बाद तिसौली पहुंची भीड़
तालग्राम। रोहली गांव में मां जहारा देवी मंदिर से दो किलोमीटर दूरी पर तिसौली गांव में मां जहारा देवी का एक दूसरा मंदिर भी है। रोहली में दर्शन न होने पर भक्तों की भीड़ तिसौली पहुंचने लगी। जानकारी मिलते ही पहुंची पुलिस ने भीड़ को वहां से भी भगाया गया और सुरक्षा-व्यवस्था कड़ी कर दी।