शहर के मोहल्ला शेखाना में घर में नमाज अता करते लोग।
- फोटो : KANNAUJ
कन्नौज। कोरोना महामारी के कारण ईदगाह और मस्जिदों में धर्मगुरुओं समेत पांच लोगों ने नमाज अदा की। अन्य लोगों ने घरों में सामाजिक दूरी के साथ घरों पर नमाज अदा कर कुर्बानी दी। इसके बाद आसपास के लोगों को शुभकामनाएं दीं। एसपी और अन्य अधिकारी भ्रमण करते रहे।
मस्जिदों और ईदगाह में तीन से पांच लोगों ने नमाज अदा की। बाजार बंद होने से शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक सन्नाटा रहा। जगह-जगह पुलिस बल तैनात रहा। एसपी अमरेंद्र प्रसाद सिंह, एएसपी विनोद कुमार और सीओ सदर श्रीकांत प्रजापति भ्रमण करते रहे। कस्बे के चौराह, ईदगाह, चौखटा तिराहे, बरगदिया मोहल्ला, जामा मस्जिद, बड़ा बाजार और रसूलाबाद की मस्जिदों के पास पुलिस फोर्स तैनात रही। समधन और मलिकपुर प्रतिनिधि के मुताबिक लोगों ने अपने-अपने घरों में नमाज पढ़ी। पुलिस अधीक्षक अमरेंद्र प्रसाद सिंह और छिबरामऊ उपजिलाधिकारी गौरव शुक्ला ने नगर में पहुंचकर शांति व्यवस्था का जायजा लिया।
तिर्वा प्रतिनिधि के मुताबिक कस्बे में एसडीएम जयकरन और सीओ दीपक दुबे भारी पुलिस व पीएसी के साथ भ्रमण पर निकले। मस्जिदों की ओर जाने वाले लोगों को घर में नमाज की अपील कर वापस कर दिया। लोगों ने सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते बकरीद मनाई।