क्षेत्र के ग्राम पलरी के सामने आगरा लखनऊ एक्सप्रेस
वे पर कई गांव के ग्रामीणों ने पहुंचकर दूसरे दिन भी काम बाधित रखा। इस
दौरान कार्रदायी संस्था के जेई और थानाध्यक्ष ने काफी देर तक ग्रामीणों को
समझाने का प्रयास किया, पर ग्रामीण नहीं माने। मामला जिलाधिकारी अनुज कुमार
झा के संज्ञान में लाया गया।
इसके बाद डीएम ने छिबरामऊ के एसडीएम को मामले
की जांच सौंपी दी। गांव पलरी के पास अंडरपास देने के आश्वासन के बाद
अंडरपास बंद होने से खफा ग्रामीणों ने एकत्रित होकर सोमवार को कार्य बंद
कराकर मजदूरों को भगा दिया था। मंगलवार सुबह ग्राम पलरी, बनियानी, नरमऊ,
अंधुआ, दुर्गापुर्वा, बागपुर्वा, जलखरिया सहित कई गांव के लोग एकत्रित होकर
हाईवे पर पहुंच गए।
इसके बाद ग्रामीणों ने नारेबाजी शुरू करते हुए काम को
बाधित करा दिया। मौके पर पहुंचे हाईवे निर्माण के सीनियर इंजीनियर अवनीश
कुमार व इंचार्ज हरिनाथ राजू ने ग्रामीणों से वार्ता कर समझाने का प्रयास
किया। अंडरपास नक्शे में नहीं होने की बात बताई, जिस पर ग्रामीण खफा हो गए
और अफसरों को जमकर खरीखोटी सुनाई।
मामला बढ़ता देख इंजीनियर ने थानाध्यक्ष
तालग्राम को सूचित किया। मौके पर पहुंचे एसओ मोहम्मद अनवर अहमद व एलआईयू के
दरोगा श्रीप्रकाश यादव ने ग्रामीणों से वार्ता कर जिला प्रशासन को ज्ञापन
देने की बात कही। कहा कि अपनी मांग को शांतिपूर्वक अफसरों के सामने
रखें, ताकि उसका कोई हल निकल सके।
कड़ाई से पेश आते हुए कहा कि कानून को
अपने हाथ में लेने का प्रयास किया तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद
मामले से जिलाधिकारी को अवगत कराया गया। जिसके बाद एसडीएम छिबरामऊ को मामले
की जांच सौंपी गई। वहीं सीनियर इंजीनियर अवनीश कुमार ने अपने यूकडा कंपनी
के एई अंबुज को मामले की जानकारी दी।
इस पर उन्होंने ग्रामीणों से वार्ता
का आश्वासन दिया। इस दौरान क्षेत्र के बेंचेलाल, अजय, घनश्याम, प्रताप,
जितेंद्र, बदन सिंह, विजय सिंह, उदयवीर, शेर सिंह, रामदास, सुमित, सत्यवीर,
मंगल सिंह सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद थे।