कन्नौज। कोरोेना से बचाव के लिए चलाए जा रहे कार्यक्रमों के दौरान जरूरी वस्तुओं की जमाखोरी करने वालों पर कार्रवाई के निर्देश आयुक्त खाद्य सुरक्षा की ओर से जारी किए गए हैं। खाद्य विभाग की टीम को छापामारी के निर्देश दिए गए हैं।
शासन के निर्देशों के मुताबिक जनता को किसी आवश्यक वस्तु की दिक्कत न हो, इसके लिए थोक कारोबारियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। थोक व्यापारी किसी वस्तु की जमाखोरी न करें। जमाखोरी को लेकर आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने अभिहित अधिकारी को पत्र भेजकर विशेष कार्रवाई करने के लिए कहा है।
कहा गया है कि वेयर हाउस, वितरक, थोक विक्रेता, मंडियों व विनिर्माण इकाइयों का समय-समय पर निरीक्षण करते रहें। निरीक्षण के दौरान देखा जाए कि थोक विक्रेता जमाखोरी तो नहीं कर रहे हैं। स्टाक रजिस्टर से पूरे माल की जांच करें।
अगर थोक व्यवसायी ने जमाखोरी की है तो प्रशासन को साथ लेकर संबंधित कारोबारी के खिलाफ कार्रवाई की जाए। जिले में किसी भी दशा में जमाखोरी न होने दी जाए। नागरिकों को जरूरत की सभी वस्तुएं मिलनी चाहिए। अगर कोई व्यापारी मूल्य से अधिक कीमत पर माल तो बेच रहा हो तो कार्रवाई की जाए।
अभिहित अधिकारी सतीश कुमार शुक्ला ने बताया कि पूरे जिले में जमाखोरों पर कार्रवाई करने के लिए टीमों का गठन किया गया है। यह टीमें गोपनीय तौर पर जानकारी कर रही हैं। अभी तक इस तरह का कोई मामला सामने नहीं आया है। टीमें लगातार लगी हुई हैं।