आभूषण विक्रेताओं के लिए पैन कार्ड की अनिवार्यता किए जाने से व्यापारियों में हड़कंप मचा है। शुक्रवार को सर्राफा व्यापारी संघ के प्रतिनिधि मंडल ने प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा।
सर्राफा व्यवसायी संघ के अध्यक्ष राजीव दुबे, महामंत्री नरेश वर्मा और कोषाध्यक्ष रामानंद वर्मा ने कहा कि एक लाख की खरीद और उसकी बिक्री पर पैन कार्ड की अनिवार्यता लागू की जा रही है। यह पूर्णता अनुचित है। उन्होंने कहा कि देश में हर वर्ग का व्यक्ति आभूषण का प्रयोग करता है।
मौजूदा समय में सोने-चांदी के भाव को देखते हुए कुछ सामान लेने पर ही एक लाख की धनराशि हो जाती है। पूरे भारत में पैन कार्ड सभी वर्गों में उपलब्ध भी नहीं है। इस कारण जनता के सामने बहुत बड़ी समस्या खड़ी हो जाएगी। सर्राफा व्यापारियों ने पैनकार्ड की अनिवार्यता के निर्णय को खत्म करने की मांग की है।
इस दौरान सर्राफा व्यवसायी संघ की ओर से प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम रामबहादुर वर्मा को सौंपा गया। इस दौरान श्रवण कुमार तोमर, राजीव दुबे, नरेश वर्मा, रामानंद वर्मा, सुभाषचंद्र दुबे, राजेंद्र पाल, कुलदीप वर्मा, मूलचंद्र, नवनीत वर्मा, शिवओम वर्मा, कृष्णकांत तिवारी आदि मौजूद रहे।