सीएम अखिलेश यादव का ड्रीम प्रोजेक्ट सौ शैया अस्पताल
बनकर तैयार हो गया है। एक ओर स्वास्थ्य विभाग अस्पताल के उद्घाटन के
प्रयास में जुटा है। वहीं ओपीडी सोमवार से शुरू करने की कोशिश की जा रही
है। भले ही उद्घाटन बाद में हो, पर क्षेत्रीय लोगों को चिकित्सा सुविधाएं
मिलनी शुरू हो जाएंगी।
शासन ने यहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती कर दी
है। नगर से तीन किमी की दूरी पर स्थित ग्राम नगला दिलू में 3,195.23
लाख रुपये की लागत से बनकर तैयार हुए सौ शैया हास्पिटल की सुविधाएं विधिवत
रूप से शीघ्र ही मिलनी शुरू हो जाएंगी। शासन स्तर से सभी तैयारियां पूरी कर
ली गई हैं।
शनिवार को अस्पताल में सीएमएस डॉ. कुलदीप यादव ने कार्यभार
संभाल लिया है। उन्होंने बताया कि सोमवार से अस्पताल में ओपीडी शुरू करने
के प्रयास किए जा रहे हैं। ओपीडी शुरू होने से दूर-दराज से आने वाले मरीजों
को काफी सहूलियत मिलेगी। हालांकि, अभी अस्पताल की अन्य सुविधाओं के लिए
लोगों को कुछ दिन तक और इंतजार करना पड़ सकता है।
शासन ने अन्य जिलों के
विशेषज्ञ चिकित्सकों की पोस्टिंग यहां कर दी है। उनके चार्ज लेते ही
अस्पताल की अन्य सुविधाएं भी शीघ्र शुरू हो जाएंगी। ऐसे में मरीजों को
उपचार के लिए अन्य जिलों की ओर दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। अस्पताल में इस समय
सफाई का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है।
इसके साथ ही इमरजेंसी ओटी, डेंटल
क्लीनिक कक्ष सहित अन्य सभी वार्डों को पूरा कर लिया गया। इसके अलावा
अल्ट्रासाउंड मशीन, एक्सरे मशीन के साथ ही अन्य मशीनों को भी लगा दिया गया
है। उधर, हास्पिटल तक पहुंचने का रास्ता काफी दुश्वारियों भरा है।
हालत यह
है मरीज की अस्पताल में पहुंचने से पहले ही मार्ग की खस्ता हालत जान की
दुश्मन बन सकती है। खस्ताहाल सिंगल मार्ग पर कई जगह गहरे गड्ढे होने के साथ
ही कई स्थानों पर उनमें जलभराव की स्थिति भी बनी हुई है। इसके अलावा सड़क
के किनारे की कटीली झाड़ियां आने-जाने वालों के लिए दुर्घटनाओं का सबब बनी
हुई है।