कन्नौज। जिला उद्योग बंधु की बैठक में व्यापारियों ने बीज की दुकानों की जांच-पड़ताल में बरती जा रही अनियमितताओं पर नाराजगी प्रकट की। कहा कि अनधिकृत व्यक्तियों द्वारा बीज के नमूने एकत्रित किए जा रहे हैं। इस पर जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि शासन द्वारा केवल जिला कृषि अधिकारी एवं अपर जिला कृषि अधिकारी को ही बीज गुणवत्ता नियंत्रण के लिए नमूने एकत्रित करने के लिए अधिकृत किया गया है। उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी अनधिकृत कार्रवाई को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
कलक्ट्रेट के गांधी सभागार में सोमवार को जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में व्यापारियों ने छिबरामऊ सहित विभिन्न क्षेत्रों में बाट-माप निरीक्षक द्वारा अनधिकृत चालान किए जाने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की और संबंधित निरीक्षक से स्पष्टीकरण मांगा। साथ ही अपर जिलाधिकारी को बाट-माप कार्यालय का निरीक्षण कर जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने नगर पालिका गुरसहायगंज में स्थापित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का संचालन न होने की शिकायत पर संबंधित फर्म के विरुद्ध ब्लैकलिस्ट की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कहा कि उद्यमियों की समस्याओं का प्राथमिकता से निस्तारण किया जाए तथा व्यापारियों को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए। उन्होंने इत्र पार्क में शेष प्लॉट के आवंटन के लिए निवेश मित्र पोर्टल के माध्यम से शीघ्र आवेदन करने की अपील की।
बैठक में पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार, अपर जिलाधिकारी देवेंद्र सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार, उपायुक्त उद्योग प्रेमचंद्र एलडीएम, समाज कल्याण मंत्री के प्रतिनिधि आरएस कठेरिया, अतर एसोसिएशन के अध्यक्ष पवन त्रिवेदी, भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष राज शर्मा सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहे।