कन्नौज। वक्फ संपत्तियों का पंजीकरण उम्मीद पोर्टल पर करने के लिए पांच दिसंबर तक का समय दिया गया है। जनपद की करीब 1650 में से अभी तक सिर्फ 408 संपत्तियों का ही पंजीकरण हो सका है। इसके लिए गुरसहायगंज, समधन, तिर्वा, छिबरामऊ और सदर में दो जगह पर शिविर लगाए गए हैं।
शासन ने जनपद की समस्त वक्फ संपत्तियों को उम्मीद पोर्टल पर पंजीकृत करने के निर्देश दिए गए हैं जिसकी मदद से वक्फ संपत्तियों का डिजिटल रिकार्ड तैयार किया जा रहा है। पंजीकरण प्रक्रिया में मोबाइल नंबर पर ओटीपी के माध्यम से संपत्ति का संपूर्ण विवरण व भू-राजस्व अभिलेखों की जानकारी अपलोड की जा रही है।
विभाग के एक कर्मचारी ने बताया कि पोर्टल की धीमी गति से अपलोडिंग का कार्य प्रभावित हो रहा है। ऐसी स्थिति में पंजीकरण की तिथि बढ़ाए जाने की उम्मीद है। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि पंजीकरण प्रक्रिया पूर्ण की जा रही है। फिलहाल पांच दिसंबर तक का समय दिया गया है।